Breaking

Monday 16 November 2020

मीन जन्म लग्न राशि वालों का फल

 मीन जन्म लग्न राशि वालों का फल

 राशि परिचय-: भचक्र की द्वादश राशि मीन आकृति में दो मछलियों के समान, जलतत्व,सतोगुणी, द्विस्वभाव, शीत, सम,स्त्रीलिंग,सौम्य, दिनबली,उभ्योदयी,उत्तर दिशा स्वामिनी,समुद्रों व झीलों में निवास करने वाली सेवाभावी व मोक्षदाता एक शुभ राशि हैं। प्रतिवर्ष अंग्रेजी महीने की 20 फरवरी तिथि के आसपास सूर्य इस राशि में प्रवेश करता है और 20 मार्च तक रहता हैं। इसका विस्तार 330°अंश से 360° अंश तक होता हैं। गुरु इस राशि का स्वामीग्रह एवं बुध शत्रु ग्रह है। शुक्र की उच्च राशि एवं बुध की यह नीच राशि हैं। शुक्र,बुध,चन्द्रमा और सूर्य इस राशि के कारक ग्रह है।गुरु+ चन्द्रमा और गुरु+ मंगल युति सफल योग हैं।

शारीरिक बनावट-: मीन लग्न राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका का कद छोटा, शरीर मोटा, चेहरा भरा हुआ मांसल, दोहरी ठोड़ी, बड़ी-बड़ी आंखें, चौड़ा मुंह, काले और घने बाल, हाथ-पैर छोटे, देखने में पीले रंग का, दार्शनिक, कल्पनाशील और सपनों में खोया रहने वाला होता है।

 स्वभाव एवं मनोवृत्ति-: मीन राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका अस्थिर, ईमानदार, उदार, दयालु, दानी, धर्मपरायण,परोपकारी, परिश्रमी, सदाचारी, विश्वासी, बुद्धिमान, धीर, गंभीर, व्यवहारकुशल, महत्वाकांक्षी, स्वाभिमानी, दूरदर्शी मान मर्यादा और प्रतिष्ठा का ध्यान रखने वाले, सहनशील,क्षमाशील, कम खर्च करने वाले, डरपोक आवश्यकतानुसार बोलने वाले और समाज सेवा की भावना मन में रखने वाले होते हैं।

रोग स्वास्थ्य एवं रोग-: मीन लग्न राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका का स्वास्थ्य ठीक ही रहता है किंतु मोटा शरीर होने के कारण गैस की समस्या बनी रहती है। फलस्वरूप हार्टअटैक, कफ,खाँसी,रक्त विकार, पेट में दर्द,पसीना अधिक आना, पित्त रोग,कान व दाँत रोग, टखनों व पैरों में सूजन के रोग भी हो सकते हैं। पेट में कीड़े भी हो सकते हैं।

विवाह और परिवार-: मीन राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका का विवाह 24 से 28 वर्ष की उम्र में हो जाता है। जीवनसाथी सुंदर, बुद्धिमान और दांपत्य जीवन सुखी रहता है। परिवार में मेल मिलाप या मेलजोल और प्यार होता है। बड़ों कि, सगे-संबंधियों की सच्चे मन से इज्जत व सम्मान और सहायता करते हैं।  इनका प्यार बिना छल के होता है और अवसर के अनुसार व्यवहार करते हैं।

 नौकरी या व्यवसाय-: मीन लग्न राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका व्यवसाय की बजाए नौकरी करना अधिक पसंद करते हैं। अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सामाजिक कार्यों में अधिक रुचि लेते हैं। अतः शिक्षक, चिकित्सक, प्राध्यापक,राजदूत, मंत्री, लेखक, प्रकाशक, पत्रकार, संवाददाता बन सकते हैं। अच्छे ज्योतिषी या धर्म प्रचारक हो सकते हैं। औषधि निर्माण, सौंदर्य प्रसाधन, रेडीमेड कपड़े, जल एवं रसायन के व्यवसाय में जा सकते हैं।

 महत्वपूर्ण एवं शुभ-: मीन लग्न राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका के भाग्योदय कारक वर्षों में 24,28, 33, 38 वें वर्ष महत्वपूर्ण एवं अन्य वर्षो में 21,30,39,48,57,66,75 वें वर्ष प्रमुख हैं।

वारों या दिनों में रविवार, मंगलवार और गुरुवार शुभ दिन है।

रंगो में लाल, पीला व गुलाबी रंग शुभ होता है।

 अंको में 1,3,4,9 शुभ अंक होते हैं।

शुभ नग पुखराज पहनना लाभकारी एवं धनदायी रह सकता हैं। शुभ वैवाहिक जीवन के लिये पन्ना नग भी धारण कर सकते हैं। कष्टकारी समय में श्री गणेश पूजा पाठ या रामायण पाठ करना शुभ रहता है। 

मैत्री संबंध एवं सावधानियां-: मीन राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका का कर्क,कन्या और वृश्चिक लग्न वाले व्यक्तियों से सम्बन्ध रखने से उन्नति व प्रगति  होती है। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व भली भाँती सोच विचार करना चाहिए। शाकाहारी भोजन व दूध, जूस आदि का सेवन करें।

मीन लग्न राशि में जन्म लेने वाले जातक या जातिका-: स्वामी रामतीर्थ, रविंद्र नाथ टैगोर, भूतपूर्व मंत्री जगजीवनराम, उपेंद्रनाथ अश्क, अरविंद मफतलाल, और आयजन हावर आदि हैं। 

No comments:

Post a Comment